छत्तीसगढ़

VIP काफिले की तेज रफ्तार बनी मौत की वजह: बस्तर में दर्दनाक हादसा, दो युवकों की गई जान

जगदलपुर। बस्तर जिले में VIP मूवमेंट की जल्दबाजी ने दो परिवारों के चिराग बुझा दिए। राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर बालेंगा पेट्रोल पंप के पास हुए इस भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। यह घटना सिर्फ एक सामान्य दुर्घटना नहीं, बल्कि तेज रफ्तार और लापरवाही की खौफनाक तस्वीर बनकर सामने आई है।

मिली जानकारी के अनुसार, एक पूर्व मंत्री के काफिले की फॉलो गाड़ी रायपुर से जगदलपुर आ रही थी। बताया जा रहा है कि फॉलो वाहन काफिले से पीछे छूट गया था और उसे कवर करने की जल्दबाजी में चालक ने तेज रफ्तार से गाड़ी दौड़ाई। इसी दौरान बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी।

हादसा इतना भीषण था कि बाइक के परखच्चे उड़ गए। एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक टक्कर के बाद उछलकर दूर जा गिरा। इसी दौरान बाइक सामने से आ रहे ट्रक में जा फंसी। गंभीर रूप से घायल दूसरे युवक ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया।

इस पूरी घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें वाहन की तेज रफ्तार साफ नजर आ रही है। फुटेज ने हादसे की भयावहता को उजागर कर दिया है।

घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

जांच के दायरे में लापरवाही
प्रारंभिक तौर पर यह मामला तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने का बताया जा रहा है। पुलिस CCTV फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है कि दुर्घटना के लिए कौन जिम्मेदार है।

Related Articles

Back to top button