छत्तीसगढ़

हथिनी ने शावक को दिया जन्म, गणेश चतुर्थी पर ग्रामीणों ने माना शुभ संकेत

रायगढ़। जिले के घरघोड़ा वन परिक्षेत्र में बीती रात हथिनी ने एक स्वस्थ शावक को जन्म दिया। खास बात यह रही कि हथिनी ने खेत में बच्चे को जन्म दिया, जिसकी आवाज सुनकर गांव के लोग मौके पर पहुंच गए। गणेश चतुर्थी के दौरान नन्हे हाथी शावक का जन्म ग्रामीणों ने गणेश के आगमन के रूप में माना और इसे शुभ संकेत बताया।

ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय बाद जंगल में इस तरह की खुशी देखने को मिली है। छोटे गुमड़ा गांव के युवा तोष साहू ने बताया कि गणेश उत्सव के बीच शावक का जन्म होना पूरे क्षेत्र के लिए उत्साह और उमंग का प्रतीक है। इस खबर के फैलते ही भारी संख्या में लोग हथिनी और शावक को देखने उमड़ पड़े।

वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने बताया कि माँ और शावक दोनों स्वस्थ हैं। साथ ही ग्रामीणों से अपील की गई कि वे अधिक भीड़ न करें और सुरक्षित दूरी बनाए रखें, क्योंकि नवजात शावक के कारण हथिनी कभी भी आक्रामक हो सकती है।

घरघोड़ा वन परिक्षेत्र अधिकारी सीके राठिया ने बताया कि उनके क्षेत्र में 47 हाथियों का दल विचरण कर रहा था, जिनमें से 11 हाथी छाल रेंज में चले गए और वर्तमान में 36 हाथी मौजूद हैं। बीती रात 3 बजे हथिनी ने शावक को जन्म दिया जिसे उसके दल से मिलवा दिया गया है। फिलहाल वन विभाग हाथियों के दल पर लगातार निगरानी रख रहा है।

Related Articles

Back to top button