छत्तीसगढ़

धोखाधड़ी और धार्मिक भावनाएं आहत करने के आरोप में कोटमीसोनार के पूर्व सचिव गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा। ग्राम पंचायत कोटमीसोनार में भारी वित्तीय अनियमितता और धार्मिक भावनाएं आहत करने के मामले में पुलिस ने तत्कालीन सचिव ईलाही मोहम्मद कुरैशी (उम्र 51 वर्ष), निवासी बलौदा थाना बलौदा को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी पर दो गंभीर मामलों में कार्रवाई की गई है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी ईलाही मोहम्मद कुरैशी ने वर्ष 2022-23 और 2023-24 में 15वें वित्त आयोग से ग्राम पंचायत कोटमीसोनार के लिए प्राप्त ₹25,13,528 की राशि का दुरुपयोग और गबन किया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच समिति गठित कर जांच की गई, जिसमें वित्तीय गबन की पुष्टि होने पर अकलतरा थाने में आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 233/2025 धारा 420, 409, 34 भादवि के तहत मामला दर्ज किया गया।

इसके अलावा, आरोपी द्वारा एक वाट्सएप ग्रुप में धार्मिक भावनाएं आहत करने वाली सामग्री साझा की गई थी, जिससे सामाजिक सौहार्द बिगड़ने की आशंका बनी। इस पर थाना अकलतरा में आरोपी के विरुद्ध धारा 299 बीएनएस के तहत भी मामला दर्ज कर विवेचना की गई।

Related Articles

Back to top button