बाढ़ का कहर, एक ही परिवार के 4 बच्चों की मौत – बीजापुर में नाव पलटी, 2 बच्चियां लापता

छत्तीसगढ़। प्रदेश में बारिश और बाढ़ ने कई परिवारों को गहरा दर्द दिया है। सोमवार को बिलासपुर जिले में हुए दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के 6 लोग बाढ़ की धारा में बह गए, जिनमें से 4 बच्चों की मौत हो गई। एक युवक का शव मंगलवार को पुल से करीब एक किलोमीटर दूर मिला है, जबकि 2 लोगों को किसी तरह बचा लिया गया।
जानकारी के मुताबिक, बलौदाबाजार जिले के ध्रुव परिवार मरहीमाता मंदिर दर्शन के लिए आया था। वापसी के दौरान कोटा थाना क्षेत्र में यह हादसा हुआ।
इसी बीच, पचपेड़ी थाना क्षेत्र के टांगर गांव में भी एक युवक लीलगर नदी में बह गया, जिससे उसकी मौत हो गई।
उधर, बीजापुर जिले में इंद्रावती नदी में नाव पलटने का बड़ा हादसा हुआ। नाव में तीन ग्रामीणों और स्कूली बच्चियों समेत कुल 11 लोग सवार थे, जो धान मिलिंग कराने नलगोंडा जा रहे थे। इस हादसे में 9 लोग सुरक्षित निकल आए, जबकि मां के साथ मनीषा (10 वर्ष) और शर्मिला उज्जी (11 वर्ष) नदी में डूब गईं। लापता दोनों बच्चियों की तलाश में रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।






