वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने दिलाया भरोसा, कहा- बजट से छत्तीसगढ़ के विकास की डलेगी मजबूत नींव…

रायपुर। विष्णुदेव साय सरकार का पहला बजट 9 फरवरी को विधानसभा में पेश होगा. सरकार में आने के पहले बीजेपी ने राज्य की जनता से कई बड़े वादे किए हैं, जाहिर है उन वादों की बानगी बजट में नजर आएगी. बजट पेश करने के पहले वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने लल्लूराम.काम से एक्सक्लूसिव बातचीत में कहा कि बजट पेश करने के पहले इसके पहलुओं को बताया नहीं जा सकता, लेकिन इतना जरूर कहूंगा कि इस बजट से छत्तीसगढ़ के विकास की एक मजबूत नींव डलेगी
वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि जनता जनार्दन ने जिस आशा और विश्वास के साथ अपना जनादेश भाजपा को दिया है, ऐसे में यह उनका हक है कि वह सरकार से बेहतरी की उम्मीद करे. उन्होंने कहा कि हम कई बड़े फैसले लेकर आ रहे हैं. इन फैसलों में जनता का लाभ सर्वोपरि है. दिवालियेपन की कगार पर राज्य को छोड़कर कांग्रेस सत्ता से बाहर हुई थी, उस राज्य की पहचान श्रेष्ठ वित्तीय प्रबंधन के रूप में होगी.
ओपी चौधरी ने कहा कि बजट तैयार करने में चार से पांच महीने लग जाते हैं, लेकिन हमें महज डेढ़-दो महीने ही मिले. इस वजह से ज्यादा मेहनत करनी पड़ी. राज्य सरकार विकास के जिस एजेंडे पर काम करने की नियत रखती है, यह बजट उस पर आधारित होता. यह बजट राज्य का बेहतर भविष्य सुनिश्चित करेगा. राज्य के विकास की मजबूत नींव तैयार करने वाला बजट होगा.ओपी चौधरी ने कहा कि हम मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य में गुड गवर्नेंस लाना चाहते हैं. यकीनन एक दो साल हमारे लिए कठिन होगा, लेकिन अच्छे रिफार्म के साथ जब हम आएंगे, तब निश्चित रूप से राजस्व में बढ़ोतरी होगी. एक ईमानदार सिस्टम डेवलप होगा. इसके लिए हम टेक्नोलॉजी की मदद लेंगे. बेहतर टेक्नोलॉजी से जहां हम टैक्स नहीं भी बढ़ाएंगे, वहां भी टैक्स वसूली में वृद्धि होगी. नए रिफार्म के बूते हम राज्य के राजस्व को बेहतर करेंगे.






