छत्तीसगढ़

दुर्ग: मासूम से दरिंदगी के आरोपी का निकला जुलूस, अस्पताल पहुंचते ही बिगड़ी तबीयत

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में 5 साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म और हत्या के प्रयास के आरोपी धनेश्वर साहू उर्फ जनता (40) को उतई पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। शनिवार को पुलिस ने आरोपी का उसी इलाके में जुलूस निकाला, जहाँ उसने अपराध स्वीकार करते हुए कहा कि “अपराध करना पाप है।”

अस्पताल में आए मिर्गी के झटके

जुलूस के बाद जब पुलिस आरोपी को मेडिकल जांच के लिए सुपेला अस्पताल लेकर पहुंची, तो वहां उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। आरोपी को मिर्गी के दौरे आने लगे और वह जमीन पर गिर पड़ा, जिससे उसके मुंह से खून निकलने लगा। स्थिति बिगड़ती देख पुलिसकर्मियों ने उसे जूता सुंघाया और हाथ में लोहे की चाबियां पकड़ाईं। बाद में उसे स्ट्रेचर पर लिटाकर डॉक्टरों की निगरानी में भर्ती किया गया, जहां उपचार के बाद उसकी हालत सामान्य हुई।

बोरे में भरकर कुएं के पास फेंका था

घटना शुक्रवार की है, जब स्कूल से लौटकर चॉकलेट लेने निकली बच्ची लापता हो गई थी। ग्रामीणों को तलाशी के दौरान वह कुएं के पास एक बोरे में बंद मिली। उसका मुंह तकिए के कवर से बंधा हुआ था। मेडिकल जांच में रेप की पुष्टि हुई।

CCTV से हुई पहचान

पुलिस ने दुकान के बाहर लगे CCTV फुटेज और साक्ष्यों के आधार पर आरोपी धनेश्वर को दबोचा। आरोपी पेशे से मजदूर है और नशे का आदी है। पुलिस ने मौके से घटना में इस्तेमाल बोरा, तकिया कवर और आरोपी के कपड़े बरामद कर लिए हैं। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

Related Articles

Back to top button