छत्तीसगढ़

चोरी के केस में जब्त सोने की ज्वेलरी गबन करने वाली बर्खास्त महिला प्रधान आरक्षक गिरफ्तार

दुर्ग जिले के मोहन नगर थाना क्षेत्र में चोरी के एक गंभीर मामले में जब्त की गई सोने की ज्वेलरी के गबन का सनसनीखेज खुलासा हुआ है। इस मामले में बर्खास्त महिला प्रधान आरक्षक मोनिका सोनी गुप्ता को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ गबन का अपराध दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

जानकारी के अनुसार, कुछ वर्ष पहले मोहन नगर पुलिस ने चोरी के एक मामले में करीब 79 ग्राम सोने की ज्वेलरी जब्त की थी। यह ज्वेलरी उस समय आरक्षक विवेचक के रूप में पदस्थ मोनिका गुप्ता की अभिरक्षा में रखवाई गई थी। लेकिन कुछ समय बाद जब जब्त माल की जांच की गई तो सोने के जेवर गायब पाए गए।

CCTV और तकनीकी साक्ष्यों से खुला मामला

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू की। थाने में लगे सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदेह महिला प्रधान आरक्षक मोनिका गुप्ता पर गहराया। जांच में पर्याप्त सबूत मिलने के बाद उसके खिलाफ गबन का मामला दर्ज किया गया।

जांच में दोषी पाई गई, पहले ही हो चुकी थी बर्खास्त

पुलिस जांच में यह स्पष्ट हो गया कि जब्त सोने के जेवरों का गबन मोनिका गुप्ता ने ही किया था। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। बता दें कि मोनिका गुप्ता पहले भी कई विवादों में घिर चुकी है। विभागीय जांच में दोषी पाए जाने पर पुलिस विभाग ने उसे पहले ही सेवा से बर्खास्त कर दिया था।

फिलहाल आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Related Articles

Back to top button