जांजगीर-चाम्पा | अफरीद पंचायत में भ्रष्टाचार का मामला फिर गरमाया, पूर्व सरपंच के खिलाफ पुनः जांच की मांग

जांजगीर-चाम्पा। बम्हनीडीह ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत अफरीद के पूर्व सरपंच के खिलाफ भ्रष्टाचार के गंभीर मामलों की पुनः जांच को लेकर एक बार फिर विवाद गहरा गया है। ग्राम निवासी केदार सिंह राठौर ने बीते पंचायत कार्यकाल के दौरान बोर खनन सहित कई विकास कार्यों में व्यापक भ्रष्टाचार के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि जांच के नाम पर केवल औपचारिकता निभाई गई और दोषियों को संरक्षण दिया गया।
केदार सिंह राठौर का आरोप है कि जांच में भ्रष्टाचार सिद्ध होने के बावजूद केवल अंतर की राशि जमा कराकर संबंधित लोगों को क्लीन चिट दे दी गई, जबकि नियमों के अनुसार आपराधिक प्रकरण दर्ज कर न्यायालयीन कार्रवाई की जानी चाहिए थी। उन्होंने इसे प्रशासनिक लापरवाही बताते हुए कहा कि इस तरह की कार्रवाई से भ्रष्टाचारियों का मनोबल बढ़ता है।
उन्होंने आगे कहा कि इस पूरे प्रकरण से ग्रामीणों में भारी आक्रोश है और न्याय के साथ खुला खिलवाड़ किया गया है। पंचायत स्तर पर विकास कार्यों के नाम पर हुई अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच नहीं होने से आम जनता का भरोसा टूट रहा है।
केदार सिंह राठौर ने स्पष्ट किया कि वे जल्द ही इस मामले की उच्चस्तरीय पुनः जांच और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार न्यायालयीन कार्रवाई की मांग को लेकर कलेक्टर जनदर्शन सहित संबंधित विभागों को ज्ञापन सौंपेंगे। वहीं, ग्रामीणों का कहना है कि यदि इस प्रकरण की दोबारा निष्पक्ष जांच नहीं कराई गई तो यह पंचायत स्तर पर भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने जैसा होगा।
अब सबकी नजर प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई है कि इस मामले में दोषियों पर कब और क्या सख्त कदम उठाए जाते हैं।






