छत्तीसगढ़

बाइक टक्कर से भड़का विवाद, रायपुर में दो पक्षों में खूनी झड़प—कई घायल, भारी पुलिस बल तैनात

रायपुर। राजधानी रायपुर के आजाद चौक थाना क्षेत्र अंतर्गत मोमिन पारा और बढ़ई पारा इलाके में शनिवार देर रात मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। बाइक की टक्कर से शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट में बदल गया, जिससे इलाके में तनाव की स्थिति बन गई।

मिली जानकारी के अनुसार, घटना रात करीब 10:30 से 11 बजे के बीच की है। बताया जा रहा है कि बढ़ई पारा के कुछ नाबालिग लड़कों की बाइक मोमिन पारा के युवकों से टकरा गई थी। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो धीरे-धीरे बढ़कर बड़े विवाद में बदल गई। विवाद इतना बढ़ा कि दोनों ओर से अन्य लोग भी शामिल हो गए।

देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे चलने लगे। आरोप है कि इस दौरान कुछ लोगों ने धारदार हथियारों का भी इस्तेमाल किया। इस हिंसक झड़प में तीन युवकों के सिर फट गए, जबकि दोनों पक्षों के करीब आधा दर्जन लोग घायल हो गए हैं।

घटना के बाद बड़ी संख्या में लोग आजाद चौक थाने पहुंच गए, जिससे देर रात तक माहौल तनावपूर्ण बना रहा। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मौके पर 50 से अधिक जवानों और अधिकारियों को तैनात किया।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और घटना में शामिल आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है।

Related Articles

Back to top button