छत्तीसगढ़ मॉब लिंचिंग केस… गिरफ्तार आरोपी BJYM नेता:SIT ने अब तक 2 को पकड़ा; नाराज बजरंग दल कल करेगा जेल भरो आंदोलन

छत्तीसगढ़ मॉब लिंचिंग केस में पुलिस ने रविवार को दूसरी गिरफ्तारी की थी। पकड़ा गया आरोपी राजा अग्रवाल भारतीय जनता युवा मोर्चा (BJYM) में महासमुंद जिले का प्रचार प्रमुख है। उसने अपने सोशल मीडिया अकाउंट में महासमुंद से BJP विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा के साथ फोटो भी शेयर किए हैं।
पुलिस दोनों आरोपियों राजा अग्रवाल और हर्ष मिश्रा से पूछताछ कर रही है। बताया जा रहा है कि राजा अग्रवाल को पुलिस वारदात वाली जगह पर भी लेकर गई थी। जहां फोरेंसिक टीम की मौजूदगी में सीन रिक्रिएट कराया गया। दूसरी ओर आरोपियों की गिरफ्तारी से बजरंग दल भड़क गया है। उसने बुधवार को जेल भरो आंदोलन का ऐलान किया है।


बजरंग दल ने कहा-खुद ही डरकर नीचे कूदे
बजरंग दल के जिला संयोजक रवि वाधवानी ने बताया कि, आरंग में गौ-तस्करों की गाड़ी को गौ-रक्षकों ने पीछा करके पकड़वाने की कोशिश की। इस दौरान ट्रक में सवार तस्कर नशे की हालत में थे। पकड़े जाने के डर से वह खुद ही महानदी ब्रिज से नीचे कूद गए। उनमें से 2 की मौत पुलिस गाड़ी के आने के बाद हुई है। इस दौरान घायलों को एम्बुलेंस तक पहुंचाने में गौ-रक्षकों ने मदद भी की।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में मारपीट की बात नहीं
वाधवानी ने कहा कि पुलिस के बताए मुताबिक, मरने वाले व्यक्तियों के पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में मारपीट की बात सामने नहीं आई है। इसके बावजूद गौ-रक्षकों को गिरफ्तार कर लिया गया। इसके विरोध में बजरंग दल बुधवार को रायपुर में जेल भरो आंदोलन करेगा। इस प्रदर्शन में सैकड़ों सदस्य गिरफ्तारी देंगे।
कई सवाल….जिसके अब तक कोई जवाब नही?
- बजरंग दल के नेताओं का दावा है कि, घटना के बाद पुलिस की मौजूदगी में एम्बुलेंस में लाश को लाया गया। तो फिर किसके दबाव में FIR दर्ज करने में देरी हुई?
- पुलिस ने FIR में आरोपियों के खिलाफ IPC 304, 307 लगाई है। 304-गैर इरादतन हत्या और 307 हत्या के उद्देश्य से हमला किया गया। दोनों धाराएं एक-दूसरे के विपरीत हैं, ऐसा क्यों?
- इस मामले तीनों पीड़ितों की पुलिस के बयान लेने से पहले ही मौत हो गई। जिससे पुलिस के मुताबिक, घटना का प्रत्यक्षदर्शी कोई नहीं है। फिर आगे की जांच आरोपियों के मोबाइल लोकेशन और तकनीकी जांच के सहारे है?






