चांपा पोस्ट ऑफिस धोखाधड़ी का भंडाफोड़, एक करोड़ से अधिक की ठगी करने वाला एजेंट गिरफ्तार

चांपा। पोस्ट ऑफिस में निवेश के नाम पर बड़ी धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। चांपा पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त कार्रवाई में खाताधारकों से मासिक किस्त के रूप में एक करोड़ रुपये से अधिक की रकम हड़पने वाले आरोपी एजेंट को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के पास से पोस्ट ऑफिस की नकली सील, 150 से अधिक खातों की पासबुक सहित कई अहम दस्तावेज जब्त किए गए हैं।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान दीपक कुमार देवांगन पिता फिरत राम देवांगन (35 वर्ष), निवासी अमरैयापारा भोजपुर, चांपा के रूप में हुई है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आरोपी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जा रही है।
ऐसे सामने आया मामला
प्रार्थी राजकुमार देवांगन, निवासी चरण नगर चांपा ने 16 दिसंबर 2025 को थाना चांपा में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि वर्ष 2018 से उसके पोस्ट ऑफिस चांपा में दो खाते थे, जिनकी मासिक किस्त ₹1500 वह एजेंट दीपक कुमार देवांगन के माध्यम से जमा करता था। दोनों खातों में कुल ₹66,000 जमा कराए गए, लेकिन आरोपी ने केवल ₹6,900 ही खाते में जमा किए और शेष ₹59,100 की राशि जमा न कर फर्जी एंट्री, जाली हस्ताक्षर और नकली पोस्ट ऑफिस सील लगाकर धोखाधड़ी की।
200 खाताधारकों से ठगी
जांच में सामने आया कि आरोपी ने इसी तरह पिछले पांच वर्षों में पोस्ट ऑफिस के करीब 200 खाताधारकों से मासिक किस्तें वसूल कर एक करोड़ रुपये से अधिक की धोखाधड़ी की। मामले की गंभीरता को देखते हुए इसकी सूचना पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पाण्डेय (भापुसे), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप और एसडीओपी चांपा यदुमणी सिदार को दी गई। इसके बाद थाना चांपा और साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की गई।
पूछताछ में कबूलनामा
तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि धोखाधड़ी से प्राप्त रकम उसने ऑनलाइन बेटिंग एप के माध्यम से खर्च कर दी।






