CG Weather Today: छत्तीसगढ़ में बारिश से हाहाकार, रायपुर में 11 सेमी तो जगदलपुर में 25 सेमी बारिश, कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
CG Weather Today: छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही बारिश से जनजीवन प्रभावित है। दक्षिण और मध्य छत्तीसगढ़ में बीते 30 घंटों के दौरान व्यापक बारिश दर्ज की गई है। कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी और कुछ इलाकों में चरम भारी वर्षा हुई। नदी-नाले उफान पर आने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। राजधानी रायपुर में भी सुबह से बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने 26 सितंबर को प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश और वज्रपात की संभावना जताई है।
रायपुर समेत कई संभागों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, 26 सितंबर को प्रदेश के अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश या गरज-चमक के साथ छींटे पड़ सकते हैं। एक-दो स्थानों पर भारी बारिश के साथ वज्रपात की भी संभावना है। भारी बारिश का प्रभाव मुख्य रूप से सरगुजा, बिलासपुर, दुर्ग और रायपुर संभाग के जिलों में देखने को मिल सकता है।
राजधानी रायपुर में आसमान में घने बादल छाए हुए हैं और रुक-रुककर बारिश होने के आसार हैं। मौसम विभाग ने गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की भी संभावना जताई है।
दक्षिण छत्तीसगढ़ के ऊपर बना अवदाब
मौसम विभाग के मुताबिक, एक अवदाब दक्षिण छत्तीसगढ़ और उससे लगे दक्षिण अंदरूनी ओडिशा के ऊपर स्थित है। यह करीब 15 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से उत्तर-उत्तर पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है। इसके अगले 12 घंटे तक अपनी तीव्रता बनाए रखने की संभावना है। इसके बाद अगले 12 घंटे में इसके कमजोर होकर चिन्हित निम्न दबाव क्षेत्र में बदलने के आसार हैं।
जगदलपुर में 25 सेमी बारिश
बीते 24 घंटे में दक्षिण और मध्य छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में भारी से चरम भारी बारिश दर्ज की गई। जगदलपुर में सर्वाधिक 25 सेंटीमीटर बारिश हुई। इसके अलावा लोहंडीगुड़ा में 23, बास्तानार और नानगुर में 22, भनपुरी और मदार्पाल में 21, तोकापाल और माकड़ी में 20 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई।
बस्तर और केशकाल में 19, बचेली में 18, देवभोग में 17, कोहकामेटा में 16 सेंटीमीटर वर्षा हुई। अंतागढ़, मैनपुर, धनोरा, अमलीपदर, नारायणपुर, दरभा, ओरछा, बकावंड-बड़े, छिंदगढ़, कोंडागांव और छोटेडोंगर में 15-15 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।
वहीं रायपुर में 24 घंटे के दौरान 11 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार, 27 सितंबर से प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में कमी आने की संभावना है।






