छत्तीसगढ़

CG Weather Today: छत्तीसगढ़ में बारिश और आंधी का अलर्ट, बिजली गिरने से 4 की मौत

रायपुर। CG Weather Today: छत्तीसगढ़ में आज 24 सितंबर को भी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। बंगाल की खाड़ी में बने मौसम सिस्टम के प्रभाव से प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने एक-दो स्थानों पर भारी बारिश के साथ गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका जताई है।

वहीं, रायपुर समेत 15 जिलों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अलर्ट जारी किया गया है। खराब मौसम के बीच बुधवार को प्रदेश में आकाशीय बिजली गिरने की अलग-अलग घटनाओं में चार लोगों की मौत हुई।

बालोद, कांकेर और बेमेतरा में बिजली का कहर

बुधवार को बालोद, कांकेर और बेमेतरा जिलों में आकाशीय बिजली गिरने की घटनाएं सामने आईं। बालोद में खेत में काम कर रही महिला की बिजली की चपेट में आने से मौत हो गई, जबकि दो अन्य महिलाएं झुलस गईं। घायलों का इलाज जारी है।

कांकेर में खेत के पास पेड़ के नीचे बैठे किसान पर बिजली गिर गई, जिससे उसकी मौत हो गई।

वहीं बेमेतरा जिले में तालाब के पास पेड़ के नीचे खड़े दो मजदूर आकाशीय बिजली की चपेट में आ गए। दोनों की मौत हो गई।

बस्तर में स्कूलों की छुट्टी

खराब मौसम और भारी बारिश की आशंका को देखते हुए बस्तर जिले में 24 सितंबर को सभी शासकीय, अशासकीय और अनुदान प्राप्त स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है। प्रशासन ने मौसम की स्थिति को देखते हुए यह फैसला लिया है।

खराब मौसम से हवाई सेवा भी प्रभावित

बारिश और खराब मौसम का असर हवाई सेवाओं पर भी पड़ा है। जगदलपुर से हैदराबाद जाने वाली फ्लाइट 24 सितंबर को रद्द कर दी गई है। इससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं

प्रदेश में बारिश के बावजूद तापमान में फिलहाल कोई बड़ा बदलाव देखने को नहीं मिला है। पिछले 24 घंटे में राजनांदगांव में अधिकतम 32.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जबकि पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रहा।

Related Articles

Back to top button