ब्रेकिंग न्यूज़: प्रेम-प्रसंग में हुई पति की निर्मम हत्या, प्रेमी-प्रेमिका गिरफ्तार, हत्या में कुदाल का किया गया इस्तेमाल

जांजगीर-चांपा, 28 जुलाई 2025 – अकलतरा थाना क्षेत्र में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। प्रेम-प्रसंग के चलते एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने ही पति की हत्या कर दी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए महिला और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या में प्रयुक्त कुदाल और एक स्कूटी भी बरामद की गई है।
प्रेम में अंधी पत्नी बनी कातिल
कोटमीसोनार निवासी मृतक अमरनाथ केंवट की पत्नी ईश्वरी बाई केंवट (32 वर्ष) और उसका प्रेमी युवराज निषाद (35 वर्ष), निवासी रौना कांपा, जिला मुंगेली, पिछले कुछ महीनों से प्रेम संबंध में थे। दोनों कुछ समय पहले पुणे भाग गए थे और फिर बिलासपुर में साथ रह रहे थे। बाद में अमरनाथ द्वारा समझाने पर ईश्वरी वापस घर लौट आई थी।
दिनदहाड़े हुई निर्मम हत्या
घटना 27 जुलाई दोपहर 3:15 बजे की है जब युवराज निषाद, अमरनाथ के घर पहुंचा और पीछे के रास्ते से घर में घुस गया। वहां रखी कुदाल को लेकर उसने अमरनाथ के चेहरे और सिर पर ताबड़तोड़ हमला किया। इस दौरान ईश्वरी भी हमले में सहयोग करती रही। अमरनाथ खून से लथपथ हो गया और उसे गंभीर हालत में अकलतरा अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बच्चे ने बताई सच्चाई
घटना के वक्त मृतक का बेटा लक्ष्य कुमार घर में मौजूद था, जिसने यह पूरी वारदात देखकर अपने बड़े पापा को जानकारी दी। मृतक के भाई प्रकाश कुमार केवट ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई।






