छत्तीसगढ़

नववर्ष पर गांजा तस्करों पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 2 आरोपी गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा। नववर्ष 2026 की शुरुआत में ही जांजगीर-चांपा पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। थाना शिवरीनारायण पुलिस ने गांजा बिक्री हेतु परिवहन कर रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 31 दिसंबर 2025 को नववर्ष के मद्देनजर शिवरीनारायण पुल चौक मेन रोड पर वाहन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि दो व्यक्ति मोटर सायकल से पिठ्ठू बैग में अवैध गांजा लेकर शिवरीनारायण की ओर आ रहे हैं। पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पाण्डेय (भा.पु.से.) के निर्देशन में थाना शिवरीनारायण पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को धर दबोचा।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2 किलो 20 ग्राम गांजा (कीमत लगभग 18 हजार रुपये), 7,100 रुपये नगद एवं परिवहन में प्रयुक्त एचएफ डिलक्स मोटर सायकल बरामद की है। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 70,100 रुपये बताई जा रही है।

गिरफ्तार आरोपियों में रघुनंदन कश्यप (40 वर्ष) एवं संजय कुमार रोहिदास (22 वर्ष), दोनों निवासी ग्राम सलखन, थाना शिवरीनारायण, जिला जांजगीर-चांपा शामिल हैं। आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 01/2026 धारा 20(बी), 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी शिवरीनारायण सउनि रामप्रसाद बघेल, सउनि नरेंद्र शुक्ला, आरक्षक नितिन द्विवेदी, बलराम यादव एवं शेषनारायण साहू का सराहनीय योगदान रहा। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ ऐसी कार्रवाइयां आगे भी जारी रहेंगी।

Related Articles

Back to top button