जांजगीर-चांपा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अवैध कच्ची महुआ शराब बेचती महिला गिरफ्तार

जांजगीर। जांजगीर-चांपा पुलिस ने अवैध शराब कारोबार के खिलाफ त्वरित कार्रवाई करते हुए थाना कोतवाली जांजगीर क्षेत्र से एक महिला आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 12.6 लीटर अवैध कच्ची महुआ शराब, जिसकी अनुमानित कीमत 3350 रुपये बताई जा रही है, बरामद की गई है। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पाण्डेय (IPS) द्वारा जिले के सभी थाना प्रभारियों की बैठक लेकर अवैध शराब बिक्री करने वालों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जांजगीर श्री उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन एवं सीएसपी जांजगीर योगिताबाली खापर्डे के नेतृत्व में थाना कोतवाली जांजगीर की एक विशेष टीम गठित की गई।
मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने ग्राम खोखरा में दबिश दी, जहां से शिव कुमारी सूर्यवंशी, उम्र 45 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 17, खोखरा, जांजगीर को अवैध कच्ची महुआ शराब के साथ रंगे हाथों पकड़ा गया। आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
इस कार्रवाई में निरीक्षक जय प्रकाश गुप्ता (थाना प्रभारी, सिटी कोतवाली), प्रधान आरक्षक प्रकाश राठौर, आरक्षक जिवंती कुजूर एवं आरक्षक विनोद राठौर की विशेष भूमिका रही।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस तरह के अपराधों में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।






