छत्तीसगढ़

Akaltara News: नगर पालिका कार्यालय में कर्मचारी से मारपीट, पत्थर से सिर पर किया वार; आरोपी गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा, 28 सितंबर। अकलतरा नगर पालिका कार्यालय में घुसकर कर्मचारी से गाली-गलौच, मारपीट और शासकीय कार्य में बाधा डालने के मामले में पुलिस ने 42 वर्षीय आरोपी मनोज कुमार टंडन को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने कथित तौर पर शासकीय दस्तावेज फाड़े और बाद में कर्मचारी को जान से मारने की धमकी देते हुए पत्थर से उसके सिर पर हमला किया।

शराब के नशे में कार्यालय पहुंचने का आरोप

पुलिस के मुताबिक, घटना 15 सितंबर 2026 की दोपहर करीब 3 बजे की है। नगर पालिका कर्मचारी कार्यालय में शासकीय कार्य कर रहा था। इसी दौरान वार्ड क्रमांक 11 निवासी मनोज कुमार टंडन कथित तौर पर शराब के नशे में कार्यालय पहुंचा।

आरोप है कि आरोपी ने कर्मचारी के साथ गाली-गलौच और मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान शासकीय दस्तावेजों को फाड़ने और सरकारी काम में बाधा डालने का भी आरोप है।

दोबारा कार्यालय पहुंचकर किया विवाद

पुलिस के अनुसार, घटना के बाद आरोपी दोबारा नगर पालिका कार्यालय पहुंचा और उसके खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराने को लेकर कर्मचारी से विवाद करने लगा। विवाद बढ़ने पर उसने कथित तौर पर कर्मचारी को जान से मारने की धमकी दी।

इसी दौरान आरोपी ने कार्यालय में पड़े पत्थर से कर्मचारी के सिर पर वार कर दिया। हमले में कर्मचारी के सिर से खून निकलने लगा। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

इन धाराओं में दर्ज हुआ मामला

कर्मचारी की शिकायत पर अकलतरा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 121(1), 221, 132, 296, 351(3) और 115(2) के तहत अपराध दर्ज किया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की।

पुलिस ने दबिश देकर आरोपी को पकड़ा

पुलिस को आरोपी के अकलतरा क्षेत्र में मौजूद होने की सूचना मिली थी। इसके बाद थाना पुलिस की टीम ने तत्काल दबिश देकर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपी मनोज कुमार टंडन (42), निवासी वार्ड क्रमांक 11, आजाद चौक अकलतरा को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।

कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक जय कुमार साहू, उप निरीक्षक बीएल कोसरिया सहित अकलतरा थाना स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।

Related Articles

Back to top button