छत्तीसगढ़

चुनाव हारने के बाद कांग्रेस प्रत्याशी का हंगामा, भाजपा कार्यकर्ता के घर जाकर की गाली-गलौज

दुर्ग। नगरीय निकाय चुनाव के नतीजे आने के बाद दुर्ग में वार्ड 35 की कांग्रेस प्रत्याशी कन्या ढीमर का हंगामा देखने को मिला। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ता प्रदीप सिंह के घर जाकर जमकर विवाद किया, जिसका वीडियो भी सामने आया है।

प्रदीप सिंह और उनके परिवार का आरोप है कि कांग्रेस प्रत्याशी कन्या ढीमर ने उनके घर में घुसकर गाली-गलौज की और पत्थर उठाकर हमला करने की कोशिश की। इस घटना के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं में नाराजगी है। वहीं, कन्या ढीमर ने भी प्रदीप सिंह पर अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने का आरोप लगाते हुए दुर्ग कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई है।

हार के बाद बढ़ा विवाद

बता दें कि वार्ड 35 से भाजपा प्रत्याशी कमल देवांगन ने जीत हासिल की है। भाजपा कार्यकर्ता प्रदीप सिंह का कहना है कि हार से बौखलाकर कांग्रेस प्रत्याशी ने उनके घर आकर परिवार के साथ मारपीट और गाली-गलौज की। उन्होंने इस मामले में पुलिस में शिकायत देने की बात कही है।

वहीं, कांग्रेस प्रत्याशी कन्या ढीमर ने खुद को निर्दोष बताते हुए कहा कि प्रदीप सिंह ने उनके खिलाफ आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया, जिसके खिलाफ उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।

Related Articles

Back to top button