छत्तीसगढ़

3 साल बाद पुलिस ने ढूंढ निकाली खेत मे दफ़्न युवक की लाश, दोस्तों ने हत्या कर शव को लगा दिया था ठिकाने, जानिए पूरा मामला

बिलासपुर। मस्तूरी थाना क्षेत्र अंतर्गत मल्हार चौकी में एक अनसुलझी मर्डर मिस्ट्री को पुलिस ने सुलझा लिया है, जिसमें 3 साल पहले लापता युवक की हत्या का खुलासा हुआ है. आज पुलिस ने आरोपियों की बताई जगह में खुदाई कर शव के अवशेष बरामद किया. पुलिस फोरेंसिक जांच के लिए शव के अवशेषों को भेजेगी फिर डीएनए टेस्ट भी कराया जाएगा. मामले में पुलिस ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, वहीं एक आरोपी हत्या के मामले में पहले से ही जेल में बंद है.
बता दें कि, मल्हार नगर के वार्ड नंबर 10 में रहने वाला 18 वर्षीय विकास कुमार केवर्त 3 वर्ष पूर्व अचानक घर से गायब हो गया, परिजनों ने उसकी तलाश करने के बाद गुमशुदगी की रिपोर्ट मल्हार चौकी में दर्ज कराई थी. पुलिस मामले की जांच कर रही थी, इस बीच मुखबिर से सूचना मिली कि, 3 वर्ष पहले गायब हुए युवक की हत्या हो चुकी है और उसके शव को जमीन में दफनाकर ठिकाने लगा दिया गया है. जिसके बाद पुलिस ने 2 नाबालिगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, तो उन्होंने बताया कि, विवाद के चलते 4 लोगों ने मिलकर विकास कुमार केवर्त की हत्या की थी, 2020 की धनतेरस (दीपावली) के दिन आरोपियों ने रस्सी से गला घोटकर उसकी हत्या की थी. हत्या करने के बाद लाश को ठिकाने लगाने के लिए हथनी नामक तालाब के पास खेत में दफना दिया गया था.


आरोपी संदेहियो की निशानदेही पर पुलिस उस जगह की खुदाई के लिए तहसीलदार से अनुमति लेकर स्थान को चिन्हित कर खुदाई कार्रवाई में जुट गई, हालांकि खेत में फसल और पानी के कारण खुदाई में काफी मशक्कत करनी पड़ रही थी. इसके बाद परिजनों और अधिकारियों की अनुमति पर खेत से फसल कटने और सूखने के बाद खुदाई करने की सहमति बनी थी. इसी क्रम में आज सुबह तहसीलदार अभिषेक राठौर, फॉरेंसिक टीम और मल्हार चौकी प्रभारी विष्णु यादव ने खुदाई कराई और युवक के शव के अवशेष बरामद किया.

Related Articles

Back to top button