छत्तीसगढ़ में मां-बाप ने करंट लगाकर बेटे को मार डाला:जुआ-सट्टे की लत और मारपीट से थे परेशान; बोले- बहुत समझाया पर नहीं सुधरा

कवर्धा में माता-पिता ने बेटे को करंट लगाकर मार डाला। बताया जा रहा है कि दोनों अपने बेटे के जुआ-सट्टा खेलने की लत और मारपीट से बेहद परेशान थे। इसीलिए दोनों ने करंट लगाया फिर वायर से गला घोंट दिया। वारदात सिटी कोतवाली क्षेत्र के घुघरीकला गांव की है।
जानकारी के मुताबिक राजू राजपूत (35 वर्ष) जुआ-सट्टा खेलने का आदी था। वह घर की संपत्ति को बेचकर रकम जुए-सट्टे में हार कर बरबाद कर रहा था। माता-पिता ने उसे समझाने की बहुत कोशिश की, लेकिन वह सुधरने का नाम नहीं ले रहा था।

खेत में खून से सनी लाश मिली
ग्रामीणों के मुताबिक मंगलवार सुबह खेत में बनी झोपड़ी में खून से सनी लाश पड़ी मिली थी। इसकी जानकारी फौरन पुलिस को दी। सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। लाश की पहचान गांव के ही राजू राजपूत (35 वर्ष) के रूप में की गई।
वायर से गला घोंटने की वजह से गले पर गोल निशान बन गया था। चारों ओर से खून बहने के निशान थे। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के बाद परिजन को सौंप दिया।







