छत्तीसगढ़

सरोज पांडेय को आचार संहिता उल्लंघन का नोटिस:धीरेंद्र शास्त्री के कार्यक्रम में प्रचार का आरोप

बीजेपी की कोरबा लोकसभा प्रत्याशी सरोज पांडेय को आचार संहिता के उल्लंघन का नोटिस जारी किया गया है। MCB जिले के चिरमिरी में बागेश्वर धाम के पंडित धीरेंद्र शास्त्री के श्रीराम और हनुमंत कथा कार्यक्रम की निर्वाचन आयोग ने वीडियोग्राफी कराई थी।

प्रशासन की वीडियोग्राफी और पब्लिश खबर के आधार पर सरोज पांडेय को नोटिस जारी कर 29 अप्रैल तक जवाब मांगा गया है। बागेश्वर धाम के पंडित धीरेंद्र शास्त्री का श्रीराम और हनुमंत कथा कार्यक्रम का आयोजन 26 अप्रैल को चिरमिरी के लाल बहादुर शास्त्री स्टेडियम में किया गया था।

कार्यक्रम का प्रचार जगह-जगह फ्लेक्स और होर्डिंग्स लगाकर किया गया था, जिनमें छत्तीसगढ़ के मंत्रियों के साथ बीजेपी प्रत्याशी सरोज पांडेय की तस्वीरें लगी थी। कार्यक्रम स्थल पर भी सरोज पांडेय का फोटो पंडित धीरेंद्र शास्त्री के साथ लगा हुआ था।

सहायक रिटर्निग ऑफिसर ने जारी किया आचार संहित उल्लंघन का नोटिस।
सहायक रिटर्निग ऑफिसर ने जारी किया आचार संहित उल्लंघन का नोटिस।

धीरेंद्र शास्त्री की कथा में बीजेपी का प्रचार

इधर, स्टेडियम में धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री कथावाचन कर रहे थे, तो उन्हें सुनने आ रहे लोगों को भाजपाई पार्टी का गमछा पहनाकर कोरबा लोकसभा से बीजेपी प्रत्याशी सरोज पांडेय के चुनाव प्रचार के पर्चे बांटते दिखे। कथा स्थल पर ही सरोज पांडेय के पोस्टरों से पटी बस और प्रचार वाहन भी मौजूद था।

हनुमत कथा सुनने आने वालों को बीजेपी कार्यकर्ता पकड़-पकड़ कर पार्टी का गमछा पहना रहे थे। इसे भास्कर.कॉम ने पब्लिश किया था। इसकी वीडियोग्राफी चुनाव आयोग के अधिकरियों की ओर से भी कराई गई थी। कार्यक्रम में गृह मंत्री विजय शर्मा, सरोज पांडेय, मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, विधायक रेणुका सिंह मौजूद थे।

श्रद्धालुओं को भाजपा का गमछा पहना रहे थे समर्थक
श्रद्धालुओं को भाजपा का गमछा पहना रहे थे समर्थक

सहायक निर्वाचन अधिकारी ने जारी किया नोटिस
इसके बाद सरोज पांडेय को सहायक निर्वाचन अधिकारी ने आचार संहिता के उल्लंघन का नोटिस जारी किया है। नोटिस में निर्वाचन आयोग की वीडियो रिकॉर्डिंग, भास्कर.कॉम की खबर और कांग्रेस जिलाध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव की ओर से आचार संहिता उल्लंघन की शिकायत को आधार बनाया गया है।

नोटिस में जिक्र किया गया है कि 26 अप्रैल 2024 को चिरमिरी के लाल बहादुर शास्त्री स्टेडियम में धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की राम कथा के आयोजन की अनुमति दी गई थी। कांग्रेस जिलाध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव ने अवगत कराया है कि इस कार्यक्रम में प्रत्याशी सरोज पांडेय और मंत्रियों के फोटो लगाकर प्रचार किया जा रहा है, जो आचार संहिता का उलंघन है।

नोटिस में दैनिक भास्कर डिजिटल में 26 अप्रैल को पब्लिश खबर और वीडियो निगरानी दल की ओर से कराई गई वीडियोग्राफी का भी जिक्र है। कहा गया है कि वीडियो-फोटोग्राफी में कथा सुनने आने वालों को भाजपा कार्यकर्ता पार्टी का गमछा पहनाकर प्रचार कर रहे थे, जो आचार संहिता का उल्लंघन है।

Related Articles

Back to top button