देशी शराब पीने के बाद BSP पार्षद समेत दो की मौत, जहरीले पदार्थ की आशंका; एक हिरासत में

जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ में देशी शराब पीने के बाद संदिग्ध परिस्थितियों में दो लोगों की मौत से हड़कंप मच गया है। मृतकों की पहचान बसपा पार्षद रामखिलावन जांगड़े (55) और निजी क्लिनिक संचालक जोहितराम खरे (52) के रूप में हुई है। दोनों ने शुक्रवार देर शाम अपने दो अन्य साथियों के साथ शराब का सेवन किया था। घर पहुंचने के बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई और सांस लेने में परेशानी होने लगी। गंभीर हालत में उन्हें बिलासपुर रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई। मामले में पुलिस ने शराब सेवन के दौरान मौजूद मुकेश कश्यप उर्फ गोलू को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है।
देशी शराब पीने के बाद बिगड़ी तबीयत
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार देर शाम चार लोग एक साथ बैठकर देशी शराब पी रहे थे। इनमें रामखिलावन जांगड़े और जोहितराम खरे भी शामिल थे। शराब पीने के बाद घर पहुंचने पर दोनों की तबीयत बिगड़ने लगी। उन्हें सांस लेने में परेशानी होने लगी, जिसके बाद परिजन और आसपास के लोग दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पामगढ़ लेकर पहुंचे।
प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बिलासपुर रेफर कर दिया। वहां अलग-अलग अस्पतालों में उनका इलाज शुरू किया गया, लेकिन दोनों की जान नहीं बचाई जा सकी।
सिम्स और अपोलो अस्पताल में हुई मौत
पामगढ़ से बिलासपुर पहुंचने के बाद रामखिलावन जांगड़े को सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि जोहितराम खरे का उपचार अपोलो अस्पताल में चल रहा था। इलाज के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया।
रामखिलावन जांगड़े के निधन से क्षेत्र में शोक का माहौल है। वहीं, निजी क्लिनिक संचालक जोहितराम खरे की मौत के बाद घटना को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं।
शराब में जहरीला पदार्थ मिला होने की आशंका
दोनों की मौत के बाद शराब में किसी जहरीले पदार्थ की मौजूदगी की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। मौत की वास्तविक वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और अन्य जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
जानकारी के मुताबिक, दोनों के शवों का बिलासपुर में पोस्टमॉर्टम कराया जाना है। मौत के कारणों का पता लगाने के लिए विसरा सुरक्षित रखकर जांच कराए जाने की जानकारी भी सामने आई है। जांच रिपोर्ट से यह स्पष्ट हो सकेगा कि मौत शराब के सेवन से जुड़ी थी या इसके पीछे कोई अन्य कारण था।
साथ में शराब पीने वाले एक व्यक्ति की तबीयत भी बिगड़ी
बताया जा रहा है कि शराब सेवन के दौरान मौजूद कमल नाथ खरे उर्फ राजा की शनिवार को तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। वहीं, पुलिस ने इस मामले में मुकेश कश्यप उर्फ गोलू को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है।
पुलिस अन्य संबंधित लोगों से भी जानकारी जुटाने में लगी है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि शराब कहां से लाई गई थी और सेवन के बाद चारों की तबीयत किन परिस्थितियों में बिगड़ी।
पुलिस जांच के बाद होगा मौत की वजह का खुलासा
एसडीओपी तोपेश वर्मा के अनुसार, दोनों मृतकों ने अपने दो अन्य साथियों के साथ सादी देशी शराब का सेवन किया था। घर पहुंचने के बाद उन्हें सांस लेने में परेशानी हुई और हालत गंभीर होने पर बिलासपुर के अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, घटना के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है और अन्य साथियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। फिलहाल शराब में जहरीला पदार्थ मिला होने की आशंका की पुष्टि नहीं हुई है। पोस्टमॉर्टम, विसरा जांच और पुलिस की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।






