Janjgir-Champa Crime: गणेश विसर्जन के दौरान विवाद, मारपीट में 74 वर्षीय बुजुर्ग की मौत; चार आरोपी गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा। जिले के बलौदा थाना क्षेत्र की पंतोरा चौकी अंतर्गत ग्राम गतवा में गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान हुआ विवाद जानलेवा हो गया। मारपीट की घटना में 74 वर्षीय जोतराम कश्यप गंभीर रूप से घायल हो गए, जिसके बाद उनकी मौत हो गई। मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
गणेश विसर्जन के दौरान शुरू हुआ विवाद
पुलिस के अनुसार, 25 सितंबर को ग्राम गतवा में गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान नारायण कश्यप और राहुल कश्यप के बीच गाली-गलौज और मारपीट हो गई थी। राहुल ने घटना की जानकारी अपने पिता रोहित कश्यप को दी। इसके बाद रोहित मौके पर पहुंचे, जहां उनके साथ भी मारपीट किए जाने का आरोप है।
इसके बाद रोहित कश्यप, राहुल कश्यप और 74 वर्षीय जोतराम कश्यप घटना की रिपोर्ट दर्ज कराने मोटरसाइकिल से पंतोरा चौकी के लिए रवाना हुए।
रास्ते में रोककर फिर मारपीट का आरोप
पुलिस के मुताबिक, ग्राम हाईस्कूल के पास उनकी मुलाकात शिव कश्यप, नारायण कश्यप, संजय कश्यप और सविता कश्यप से हुई। आरोप है कि चारों ने उन्हें बातचीत के लिए रास्ते में रोक लिया।
बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया और मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि शिव कश्यप ने डंडे से, जबकि नारायण कश्यप और संजय कश्यप ने हाथ-मुक्के और पैर से रोहित, राहुल और जोतराम के साथ मारपीट की।
इसी दौरान जोतराम कश्यप को जमीन पर पटक दिए जाने का आरोप है। उनके सिर और छाती में गंभीर चोटें आईं। बाद में उनकी मौत हो गई।
पुलिस ने चार आरोपियों को किया गिरफ्तार
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू की। मामले की जांच SDOP अकलतरा डॉ. मेखलेंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में की गई।
जांच और पूछताछ के बाद पुलिस ने शिव कश्यप, नारायण कश्यप, संजय कश्यप और सविता कश्यप को गिरफ्तार किया। सभी आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार करने के बाद न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।




