छत्तीसगढ़

CG News: खपरगंज विवाद में बड़ी कार्रवाई, मुख्य आरोपी रामसिंह ठाकुर पन्ना से गिरफ्तार, दोस्त के घर छिपा था

बिलासपुर। न्यायधानी के खपरगंज में हुए विवाद और पत्थरबाजी के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने दूसरे पक्ष के मुख्य आरोपी रामसिंह ठाकुर को मध्यप्रदेश के पन्ना जिले से गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि घटना के बाद आरोपी अपने दोस्त के घर छिपकर रह रहा था। पुलिस टीम ने दबिश देकर उसे ग्राम माकरी कुठार से पकड़ा।

रामसिंह ठाकुर को खपरगंज विवाद और पत्थरबाजी मामले में दूसरे पक्ष का प्रमुख आरोपी बताया जा रहा है। इससे पहले पुलिस ने मामले में एक पक्ष के मुख्य आरोपी सोहेल खान को गिरफ्तार किया था। अब दूसरे पक्ष के मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस की कार्रवाई और तेज हो गई है।

पन्ना में दोस्त के घर छिपा था आरोपी

पुलिस की जांच के दौरान रामसिंह ठाकुर के मध्यप्रदेश में होने की जानकारी सामने आई थी। इसके बाद पुलिस टीम ने पन्ना जिले में उसकी तलाश शुरू की। पुलिस को पता चला कि आरोपी ग्राम माकरी कुठार में अपने दोस्त के घर छिपा हुआ है। इसके बाद टीम ने मौके पर दबिश देकर रामसिंह ठाकुर को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अब पत्थरबाजी की घटना में उसकी भूमिका के साथ ही मामले में शामिल अन्य आरोपियों के संबंध में भी जांच कर रही है।

28 अगस्त की रात हुआ था विवाद

दरअसल, 28 अगस्त की रात रक्षाबंधन के मौके पर दो लोगों के बीच शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते गुटों के बीच टकराव में बदल गया था। इसके बाद दोनों पक्षों की ओर से जमकर पथराव हुआ। घटना में कई लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई थी।

विवाद और पत्थरबाजी की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने घटना में शामिल लोगों की पहचान शुरू की। एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर पुलिस ने ड्रोन कैमरों और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से संदिग्धों की पहचान की।

अब तक 30 आरोपी गिरफ्तार

पुलिस के मुताबिक, रामसिंह ठाकुर की गिरफ्तारी से पहले इस मामले में दोनों पक्षों से कुल 29 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका था। अब रामसिंह ठाकुर की गिरफ्तारी के बाद इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या बढ़कर 30 हो गई है।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है। घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button