Sanjay Dutt का जबरा फैन! बर्थडे मनाने SDM ने नहीं दी परमिशन तो पहुंचा हाईकोर्ट, कोर्ट ने सुनाया ये फैसला

बिलासपुर। बॉलीवुड अभिनेता संजय दत्त (Sanjay Dutt) के एक जबरा फैन ने उनका जन्मदिन मनाने की अनुमति के लिए हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया। SDM की ओर से अनुमति नहीं मिलने के बाद याचिकाकर्ता गुरुदेव अवस्थी ने छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में याचिका दायर की। मामले की सुनवाई के बाद कोर्ट ने प्रशंसकों को राहत देते हुए निजी परिसर में सशर्त जन्मदिन समारोह आयोजित करने की अनुमति दे दी है।
हाईकोर्ट ने साफ कहा है कि कार्यक्रम के कारण सार्वजनिक सड़क पर किसी तरह का व्यवधान नहीं होना चाहिए। साथ ही यातायात बाधित करने या अनावश्यक शोर-शराबे की अनुमति नहीं होगी।
SDM ने क्यों नहीं दी थी अनुमति?
जानकारी के मुताबिक, गुरुदेव अवस्थी ने 29 जुलाई को संजय दत्त का जन्मदिन मनाने के लिए बिलासपुर के अनुविभागीय अधिकारी (SDM) के समक्ष आवेदन दिया था। लेकिन SDM ने 21 जुलाई 2026 को आवेदन खारिज कर दिया।
प्रशासन ने इसके पीछे पिछले साल का हवाला दिया था। दरअसल, पिछले वर्ष बिलासपुर के मध्य नगरी चौक की मुख्य सड़क पर संजय दत्त के जन्मदिन का जश्न मनाया गया था। बड़ी संख्या में प्रशंसकों के जुटने के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई और सड़क पर जाम की स्थिति बन गई थी।
SDM के फैसले के खिलाफ पहुंचे हाईकोर्ट
अनुमति नहीं मिलने के बाद गुरुदेव अवस्थी ने छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में याचिका दायर की। मामले की सुनवाई जस्टिस ए.के. प्रसाद की सिंगल बेंच में हुई।
सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ता की ओर से कोर्ट को भरोसा दिलाया गया कि इस बार संजय दत्त का बर्थडे किसी सार्वजनिक सड़क या चौक पर नहीं मनाया जाएगा।
7 किलोमीटर दूर निजी हॉल में होगा बर्थडे सेलिब्रेशन
याचिकाकर्ता ने बताया कि इस बार कार्यक्रम बिलासपुर शहर से करीब 7 किलोमीटर दूर कोनी स्थित ‘द कंट्री क्लब’ के निजी और बंद हॉल में आयोजित किया जाएगा।
उन्होंने कोर्ट को आश्वासन दिया कि आयोजन से आम लोगों को किसी तरह की परेशानी नहीं होगी। इसके अलावा ध्वनि प्रदूषण और पर्यावरण से जुड़े सभी नियमों का पालन किया जाएगा।
सरकार ने भी अनुमति देने पर जताई सहमति
राज्य सरकार की ओर से डिप्टी गवर्नमेंट एडवोकेट शोभित मिश्रा ने कोर्ट को बताया कि आयोजन स्थल निजी हॉल है और याचिकाकर्ता शर्तों का पालन करने का शपथ पत्र दे रहा है। ऐसे में प्रशासन को नियमानुसार अनुमति देने में कोई आपत्ति नहीं है।
इसके बाद हाईकोर्ट ने निजी परिसर में संजय दत्त का जन्मदिन मनाने की सशर्त अनुमति दे दी।
पिछले साल सड़क पर मचा था जाम
बता दें कि पिछले साल बिलासपुर के व्यस्ततम इलाकों में शामिल मध्य नगरी चौक पर संजय दत्त के प्रशंसकों ने उनका जन्मदिन मनाया था। इस दौरान बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने से सड़क पर जाम की स्थिति बन गई थी।
मीडिया में प्रकाशित खबरों का संज्ञान लेते हुए हाईकोर्ट ने कलेक्टर समेत आला अधिकारियों को तलब कर नाराजगी जताई थी। इसी पृष्ठभूमि में इस बार SDM ने सार्वजनिक स्थान पर जन्मदिन मनाने की अनुमति देने से इनकार कर दिया था।






