जांजगीर पुलिस की पहल: सामुदायिक पुलिसिंग से ग्रामीणों में जगाई कानूनी जागरूकता

जांजगीर-चांपा, 24 जून। सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर जांजगीर-चांपा पुलिस ने सामुदायिक पुलिसिंग के तहत जन-जागरूकता अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में CSP योगिताबाली खापर्डे और DSP सतरूपा तारम के नेतृत्व में घोघरानाला और बिर्रा में कार्यक्रम आयोजित किए गए।
कार्यक्रम में स्कूली बच्चों, महिलाओं और ग्रामीणों को भारतीय न्याय संहिता (BNS), भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) और भारतीय साक्ष्य अधिनियम (BSA) की जानकारी सरल भाषा में दी गई। साथ ही ई-एफआईआर, जीरो एफआईआर और डिजिटल बयान जैसी नई सुविधाओं के बारे में भी जागरूक किया गया।
पुलिस ने साइबर अपराध से बचाव के उपाय बताते हुए हेल्पलाइन 1930 की जानकारी साझा की और नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण, शिक्षक और छात्र-छात्राएं शामिल हुए। पुलिस की इस पहल को लोगों ने सराहते हुए इसे जागरूक समाज की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।






