छत्तीसगढ़
जांजगीर-चांपा में दर्दनाक सड़क हादसा: ओवरलोड ट्रेलर की चपेट में आने से भाई-बहन की मौके पर मौत

जांजगीर-चांपा जिले के बलौदा थाना क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में सगे भाई-बहन की मौत हो गई। हादसा बिरंगहनी गांव के पास ठड़गाबहरा चौक में हुआ, जहां कोलवॉशरी से कोयला लेकर जा रही एक ओवरलोड ट्रेलर अनियंत्रित हो गई और बाइक सवार भाई-बहन को अपनी चपेट में ले लिया।
मृतकों की पहचान संजय कुर्रे और उनकी बहन अंजुलता कुर्रे के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों बाइक से कहीं जा रहे थे, तभी तेज रफ्तार ट्रेलर ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। हादसे को लेकर लोगों में भारी आक्रोश देखा गया। सूचना मिलते ही बलौदा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।






