छत्तीसगढ़

भाभी की हत्या कर रेप जैसा बनाया सीन, पुलिस को गुमराह करने कपड़े फाड़े; आरोपी ननद गिरफ्तार

Kabirdham जिले में रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। काम को लेकर लंबे समय से चल रहे विवाद में ननद ने अपनी भाभी की धारदार हथियार से हत्या कर दी। इतना ही नहीं, पुलिस को गुमराह करने और शक किसी पुरुष पर ले जाने के लिए उसने शव के कपड़े भी फाड़ दिए, ताकि मामला रेप के बाद हत्या का लगे।

मामला लोहारा थाना क्षेत्र के ग्राम सिंगारपुर का है। जानकारी के मुताबिक, 3 मई 2026 को झोंकाखार खेत में एक महिला का शव संदिग्ध हालत में मिला था। महिला का शव निर्वस्त्र पड़ा था और उसके सिर व चेहरे पर गंभीर चोट के निशान थे। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शुरुआती जांच में इसे रेप के बाद हत्या का मामला मानते हुए अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया गया।

जांच में मृतका की पहचान ग्राम सिंगारपुर निवासी बेलसिया छेदैया (32) के रूप में हुई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक Dharmendra Singh ने विशेष जांच टीम गठित कर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

घटनास्थल की जांच के दौरान पुलिस को लोहे की रपली, हंसिया, टूटी चूड़ियां, कपड़ों के टुकड़े, बटन और साड़ी पिन जैसे कई अहम सबूत मिले। साइबर सेल और एफएसएल टीम की मदद से तकनीकी जांच की गई। जांच में खुलासा हुआ कि महिला के साथ रेप नहीं हुआ था, बल्कि हत्या के बाद शव को निर्वस्त्र कर घटना को दूसरी दिशा देने की कोशिश की गई थी।

पूछताछ और जांच में सामने आया कि मृतका और उसकी ननद मालती मरकाम (33) के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। दोनों के बीच पहले भी कई बार मारपीट हो चुकी थी। करीब छह महीने पहले भी मालती ने अपनी भाभी का गला दबाकर मारने की कोशिश की थी, लेकिन परिवार के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हो गया था।

पुलिस जांच में यह भी पता चला कि आरोपी मालती मरकाम का पति नरेन्द्र मरकाम शराब के नशे में अक्सर उसके साथ मारपीट करता था। इससे परेशान होकर मालती करीब पांच साल पहले ससुराल छोड़कर मायके आकर रहने लगी थी।

Related Articles

Back to top button