छत्तीसगढ़

सक्ति में वेदांता प्लांट हादसा: मृतकों की संख्या 25 पहुंची, इलाज के दौरान मजदूर की मौत

सक्ति/रायपुर — छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले स्थित वेदांता पावर प्लांट में 14 अप्रैल को हुए भीषण हादसे के बाद मृतकों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। ताजा जानकारी के अनुसार, गंभीर रूप से झुलसे पश्चिम बंगाल के मजदूर विश्वजीत साहू की इलाज के दौरान मौत हो गई है, जिससे इस हादसे में जान गंवाने वालों का आंकड़ा बढ़कर 25 हो गया है।

इलाज के दौरान आया कार्डियक अरेस्ट
जानकारी के मुताबिक, विश्वजीत साहू को गंभीर हालत में रायपुर के श्री शंकरा हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था, जहां वे अंडर ऑब्जर्वेशन में थे। इलाज के दौरान अचानक उन्हें कार्डियक अरेस्ट आया, जिसके चलते उनकी मौत हो गई।

बॉयलर विस्फोट बना हादसे की वजह
बताया जा रहा है कि 14 अप्रैल को प्लांट के बॉयलर फर्नेस में अत्यधिक ईंधन जमा हो गया था, जिससे दबाव असामान्य रूप से बढ़ गया। इसी दबाव के कारण बॉयलर का निचला पाइप अपनी जगह से हट गया और जोरदार विस्फोट हो गया। इस हादसे में कई मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए थे, जिन्हें अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया था।

अलग-अलग अस्पतालों में चल रहा इलाज
हादसे में घायल कई मजदूरों का अब भी इलाज जारी है। कुछ की हालत नाजुक बताई जा रही है, जिससे मृतकों की संख्या और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

वेदांता प्रबंधन पर एफआईआर दर्ज
इस मामले में पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए वेदांता ग्रुप के चेयरमैन अनिल अग्रवाल, प्लांट हेड देवेंद्र पटेल समेत कुल 19 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। सभी आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 106(1), 289 और 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।

जांच जारी, जिम्मेदारों पर होगी कार्रवाई
पुलिस और प्रशासन द्वारा हादसे के कारणों की गहन जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button