छत्तीसगढ़

अस्पताल में हंगामा करने वाला आरोपी गिरफ्तार, शराब के लिए पैसे मांगकर की गाली-गलौज

जांजगीर-चांपा। जिले के बलौदा थाना क्षेत्र में शासकीय अस्पताल में हंगामा कर गाली-गलौज करने वाले आरोपी को पुलिस ने चंद घंटों के भीतर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, प्रार्थी लव कुमार तिवारी ने 10 अप्रैल 2026 को थाना बलौदा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 9 अप्रैल को सुबह करीब 11 बजे वह शासकीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जर्वे (ब) में मौजूद था। इसी दौरान आरोपी कृष्ण मोहन पाण्डेय उर्फ अंकु पाण्डेय (30 वर्ष) वहां अपने कुत्ते को लेकर पहुंचा और अस्पताल में वजन कराने लगा। इतना ही नहीं, वह वहां मौजूद गर्भवती महिलाओं की फोटो भी खींच रहा था।

जब प्रार्थी ने उसे समझाने की कोशिश की, तो आरोपी ने शराब पीने के लिए पैसे मांगे और पैसे नहीं देने पर मां-बहन की गंदी गालियां देते हुए अभद्र व्यवहार किया।

मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने अपराध क्रमांक 150/2026 के तहत धारा 119(1) और 296 बीएनएस में केस दर्ज कर जांच शुरू की। इसके बाद आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जहां उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया।

पुलिस अधीक्षक निवेदिता पाल के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में की गई इस कार्रवाई में आरोपी को 11 अप्रैल 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिन्हा सहित पुलिस टीम के सुनील टैगोर, रज्जू रात्रे, रज्जू टंडन, रोहित साहू, सुमीत श्रीवास, संतोष रात्रे और महिला आरक्षक चंद्रप्रभा शातेय का सराहनीय योगदान रहा।

Related Articles

Back to top button