मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक योजना में फर्जीवाड़ा: मृतका के नाम पर लाभ लेने के आरोप में पति और ग्राम सचिव पर FIR

जांजगीर-चांपा। जिले के बिर्रा थाना क्षेत्र में मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक मृत्यु एवं दिव्यांग सहायता योजना में फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है। मृत महिला के नाम पर फर्जी पंजीयन कर योजना का लाभ लेने के आरोप में पुलिस ने मृतका के पति और ग्राम पंचायत सचिव के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
मामले की शिकायत जिला पंचायत उपाध्यक्ष गगन जयपुरिया ने 2 मार्च 2026 को पुलिस अधीक्षक कार्यालय और कलेक्टर कार्यालय में लिखित रूप से की थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि स्वर्गीय सुमन बाई पटेल, पति अशोक पटेल, निवासी बिर्रा के नाम पर फर्जी पंजीयन कर मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक मृत्यु एवं दिव्यांग सहायता योजना का अनुचित लाभ लिया गया है।
शिकायत मिलने के बाद श्रम पदाधिकारी जांजगीर-चांपा के आवेदन पर थाना बिर्रा में जांच शुरू की गई। अतिरिक्त कलेक्टर के नेतृत्व में की गई जांच में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, मितानिन के बयान, मृत्यु पंजी और अन्य दस्तावेजों की जांच की गई। जांच में 2 जून 2025 को दर्ज महिला की मृत्यु संदिग्ध पाई गई।
प्रथम दृष्टया साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने अशोक पटेल (पति) और ग्राम पंचायत बिर्रा के सचिव रोहित पटेल के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
पुलिस ने बताया कि जांच के दौरान मामले में अन्य आरोपियों के नाम भी सामने आने की संभावना है, जिन पर जल्द वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।






