अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर पुलिस ने चलाया जागरूकता अभियान

जांजगीर-चांपा। International Women’s Day के अवसर पर जांजगीर-चांपा पुलिस द्वारा महिलाओं की सुरक्षा, अधिकारों और सशक्तिकरण को लेकर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के तहत सीएसपी योगिताबाली खापर्डे ग्राम धाराशिव पहुंचीं, वहीं डीएसपी सतरूपा तारम ग्राम सिवनी में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुईं। इस दौरान महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों, सुरक्षा उपायों और आपातकालीन हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई।
अधिकारियों ने महिलाओं को बताया कि किसी भी प्रकार की समस्या या उत्पीड़न की स्थिति में वे बिना डर के पुलिस से संपर्क कर सकती हैं। साथ ही आत्मरक्षा और साइबर अपराध से बचाव के बारे में भी महत्वपूर्ण जानकारी साझा की गई।
इसके अलावा चांपा विश्राम गृह में आयोजित सम्मान कार्यक्रम में भी अधिकारियों ने भाग लिया, जहां विभिन्न गतिविधियों में शामिल महिलाओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस पहल का उद्देश्य महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ाना और उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक बनाना है।






