छत्तीसगढ़

जांजगीर-चांपा साइबर पुलिस की बड़ी सफलता: 219 गुम मोबाइल बरामद, मालिकों को सौंपे

जांजगीर-चांपा। साइबर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पिछले दो महीनों में अलग-अलग जिलों से 219 गुम मोबाइल फोन बरामद कर उनके मालिकों को सौंप दिए हैं। बरामद मोबाइलों की कुल अनुमानित कीमत करीब 26 लाख 28 हजार रुपये बताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार बरामद मोबाइल में विवो के 57, रियलमी के 41, रेडमी के 29, ओप्पो के 23, पोको के 19, वनप्लस और मोटोरोला के 9-9, सैमसंग के 8, टेक्नो के 6 तथा इन्फिनिक्स, आईक्यू और नथिंग कंपनी के 5-5 मोबाइल शामिल हैं। इसके अलावा आईटेल, एआई प्लस और एप्पल कंपनी के एक-एक मोबाइल भी बरामद किए गए हैं।

पुलिस ने बताया कि CEIR Portal के माध्यम से 1 जनवरी 2026 से 7 मार्च 2026 के बीच यह अभियान चलाया गया। जांजगीर-चांपा के साथ-साथ बिलासपुर, कोरबा, रायगढ़, रायपुर, दुर्ग और सक्ती समेत अन्य स्थानों से मोबाइल बरामद किए गए।

यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक Vijay Kumar Pandey के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप और सीएसपी योगिताबाली खापर्डे के मार्गदर्शन में साइबर टीम द्वारा की गई।

मोबाइल वापस मिलने पर लोगों के चेहरे पर खुशी देखने को मिली। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी को रास्ते में मोबाइल मिले तो उसे नजदीकी थाने में जमा करें और मोबाइल खरीदते समय बिल और IMEI नंबर अवश्य जांचें। साथ ही मोबाइल गुम होने पर तुरंत CEIR पोर्टल या नजदीकी थाना/साइबर सेल में जानकारी दें।

Related Articles

Back to top button