छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ विधानसभा का बजट सत्र आज से शुरू, 24 फरवरी को पेश होगा बजट

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा का बजट सत्र आज 23 फरवरी से शुरू हो रहा है, जो 20 मार्च तक चलेगा। इस दौरान सदन की कुल 15 बैठकें आयोजित की जाएंगी। सत्र की शुरुआत छत्तीसगढ़ विधानसभा में राज्यपाल रमेन डेका के अभिभाषण से होगी।

राज्यपाल के अभिभाषण के बाद कृतज्ञता ज्ञापन प्रस्ताव प्रस्तुत किया जाएगा। इसके पश्चात वित्त मंत्री ओपी चौधरी वर्ष 2025-26 का आर्थिक सर्वेक्षण सदन में पेश करेंगे। राज्यपाल के अभिभाषण और कृतज्ञता ज्ञापन प्रस्ताव पर 25 फरवरी को चर्चा निर्धारित है।

सत्र के दौरान अविभाजित मध्यप्रदेश के दिवंगत विधायक दीनदयाल पोर्ते को सदन में श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी।

बजट सत्र को लेकर विधायकों की ओर से कुल 2813 प्रश्न लगाए गए हैं, जिनमें 1437 तारांकित और 1378 अतारांकित प्रश्न शामिल हैं। इसके अलावा ध्यानाकर्षण की 61 सूचनाएं प्राप्त हुई हैं। नियम 139 के तहत अविलंबनीय लोक महत्व के विषय पर चर्चा के लिए एक सूचना मिली है। साथ ही 13 अशासकीय संकल्प, 9 शून्यकाल सूचनाएं और 112 याचिकाओं की सूचना भी सदन सचिवालय को प्राप्त हुई है।

वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट 24 फरवरी को दोपहर 12:30 बजे विधानसभा में पेश किया जाएगा। बजट पर 26 और 27 फरवरी को सामान्य चर्चा होगी। इसके बाद 9 से 17 मार्च तक विभागवार अनुदान मांगों पर चर्चा की जाएगी। 17 मार्च को विनियोग विधेयक पर चर्चा के बाद 18 मार्च को इसे पारित किया जाएगा।

पूरे सत्र के दौरान राज्य के वित्तीय प्रबंधन, विकास योजनाओं और जनहित से जुड़े मुद्दों पर व्यापक चर्चा होने की संभावना है।

Related Articles

Back to top button