अमेरा खदान में कोयला चोरी का बड़ा मामला, सैकड़ों ग्रामीणों का वीडियो वायरल

सरगुजा। जिले के लखनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत एसईसीएल की अमेरा खदान से बड़े पैमाने पर कोयला चोरी का मामला सामने आया है। खदान से महिला, पुरुष और बच्चों द्वारा खुलेआम कोयला निकालने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया है।
वायरल वीडियो में सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण खदान परिसर में घुसकर कोयला निकालते नजर आ रहे हैं। जानकारी के अनुसार, प्रतिदिन 100 टन से अधिक कोयले की चोरी की जा रही है, जिससे सरकार को लाखों रुपये का नुकसान हो रहा है।
बताया जा रहा है कि जब खदान कर्मी चोरी रोकने का प्रयास करते हैं तो ग्रामीणों द्वारा उनके साथ मारपीट और हमले की घटनाएं भी सामने आती हैं। इससे खदान कर्मचारियों में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।
सूत्रों के मुताबिक, चोरी किए गए कोयले को बाइक और छोटे वाहनों के जरिए आसपास के ईंट भट्ठों तक पहुंचाया जाता है। इस अवैध कारोबार में कई लोगों की संलिप्तता की आशंका जताई जा रही है।
मामले के सामने आने के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी बढ़ाने की मांग तेज हो गई है। फिलहाल प्रशासन और संबंधित विभाग की कार्रवाई पर सबकी नजरें टिकी हुई हैं।






