छत्तीसगढ़

उड़ीसा सीमा पर ट्रांसपोर्टर्स में हिंसक झड़प, रायगढ़ के कई वाहन चालक घायल, टपरिया बॉर्डर पर तनाव

रायगढ़। जिले की उड़ीसा सीमा से सटे टपरिया क्षेत्र में रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब स्थानीय ट्रांसपोर्टर्स और उड़ीसा से आए ट्रांसपोर्टर्स के बीच हिंसक झड़प हो गई। इस घटना में रायगढ़ के कई ट्रांसपोर्टर्स गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घटना के बाद से पूरे इलाके में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, विवाद की शुरुआत रायगढ़ के ट्रांसपोर्टर्स पर कथित रूप से मिर्ची स्प्रे से किए गए हमले से हुई। इसके बाद मामला तेजी से बिगड़ गया और उड़ीसा के ट्रांसपोर्टर्स ने हथियारों का इस्तेमाल करते हुए जानलेवा हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, हमलावरों ने कुछ ट्रांसपोर्टर्स को बंधक बनाने की कोशिश भी की, जिससे स्थिति और अधिक गंभीर हो गई।

इस हिंसक झड़प का असर परिवहन व्यवस्था पर भी पड़ा है। टपरिया बॉर्डर पर वाहनों की लंबी कतार लग गई है, जिससे दोनों ओर आवागमन बाधित हो गया। कई घंटों तक सड़क पर जाम की स्थिति बनी रही।

घटना की सूचना मिलते ही रायगढ़ पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और हालात को काबू में करने का प्रयास किया। पुलिस द्वारा दोनों पक्षों को शांत कराने के साथ ही पूरे क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है। घायलों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और स्थिति पर नजर बनाए हुए है। तनाव को देखते हुए टपरिया क्षेत्र में अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था तैनात की गई है।

Related Articles

Back to top button