जांजगीर-चांपा पुलिस की तत्परता से चोरी का आरोपी गिरफ्तार, चोरी की बैटरी बरामद

जांजगीर-चांपा, 10 जनवरी 2026। जिले में चोरी जैसी आपराधिक घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए जांजगीर-चांपा पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना अकलतरा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। राइस मिल परिसर में खड़ी गाड़ी से बैटरी चोरी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से चोरी की गई बैटरी भी बरामद कर ली गई है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी द्वारा थाना अकलतरा में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि ट्रक क्रमांक सीजी 10 सी 8466 महाराजा राइस मिल, अकलतरा में काटा कराने के लिए खड़ा था। इसी दौरान अज्ञात चोर ने रात्रि के समय ट्रक की बैटरी चोरी कर ली और फरार हो गया। रिपोर्ट के आधार पर थाना अकलतरा में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक जांजगीर-चांपा श्री विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन में आरोपी की तलाश तेज की गई। विवेचना के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री उमेश कुमार कश्यप एवं एसडीओपी श्री प्रदीप कुमार सोरी के मार्गदर्शन में मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी को पकड़ने में सफलता हासिल की।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान संजीव धिरही पिता अमरनाथ धिरही, उम्र 19 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 13, गुरु घासीदास मोहल्ला, अकलतरा, जिला जांजगीर-चांपा के रूप में हुई है। हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर आरोपी ने रात्रि में महाराजा राइस मिल में खड़े ट्रक से बैटरी चोरी करना स्वीकार किया। आरोपी के कब्जे से चोरी की गई बैटरी बरामद कर उसे विधिवत गिरफ्तार किया गया।






