जांजगीर-चांपा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अवैध महुआ शराब तस्करी का फरार आरोपी गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा, 10 जनवरी 2026। जिले में अवैध शराब बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए जांजगीर-चांपा पुलिस द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में थाना नवागढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। अवैध कच्ची महुआ शराब की बिक्री के मामले में फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से एक कार भी बरामद की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 06 जनवरी 2026 को थाना नवागढ़ पुलिस द्वारा ग्राम कटोद में छापेमार कार्रवाई की गई थी। इस दौरान लावारिश हालत में 300 लीटर अवैध कच्ची महुआ शराब बरामद की गई थी। साथ ही अलग-अलग 8 ट्रम में भरी भारी मात्रा में महुआ लहान को मौके पर ही नष्ट किया गया था। इसके अलावा शराब निर्माण में उपयोग किए जाने वाले बर्तनों को भी जब्त किया गया था।
मामले में फरार आरोपी की लगातार तलाश की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने ग्राम कटोद निवासी नीतीश बंजारे (उम्र 26 वर्ष) को पकड़ लिया। हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर आरोपी ने अवैध कच्ची महुआ शराब बनाने और बिक्री करने का जुर्म स्वीकार किया, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक जांजगीर-चांपा श्री विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन में की गई। इस पूरे अभियान में निरीक्षक कमलेश सेंडे, थाना प्रभारी नवागढ़ सहित थाना स्टाफ की विशेष भूमिका रही। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।






