जांजगीर-चांपा में सड़क सुरक्षा माह की शुरुआत रक्तदान शिविर से

जांजगीर-चांपा। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) की अनुकरणीय पहल पर नववर्ष 2026 में सड़क सुरक्षा माह का शुभारंभ रक्तदान शिविर के साथ किया जाएगा। यह कार्यक्रम 1 जनवरी 2026 को सुबह 10 बजे, जांजगीर कचहरी चौक स्थित सी-मार्ट परिसर में आयोजित होगा।
कार्यक्रम की थीम “रक्तदान करें, किंतु सड़कों पर नहीं” रखी गई है। इस अवसर पर जिले के सभी सामाजिक संगठनों के सदस्यों को आमंत्रित किया गया है। पुलिस अधिकारी एवं जवान स्वयं रक्तदान कर आमजन को प्रेरित करेंगे। कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण स्वयं पुलिस अधीक्षक एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात उदयन बेहार ने किया।
सड़क सुरक्षा माह के तहत नागरिकों को हेलमेट व सीट बेल्ट पहनने, गति सीमा का पालन, वाहन चलाते समय मोबाइल का उपयोग न करने, नाबालिगों को वाहन न देने और यातायात नियमों के पालन के लिए जागरूक किया जाएगा। पुलिस ने आम नागरिकों से बढ़-चढ़कर भाग लेकर मानवता की मिसाल पेश करने की अपील की है।






