पुलिस की त्वरित कार्रवाई, बलवा व मारपीट मामले में 5 महिलाओं सहित 7 आरोपी गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा। थाना बलौदा क्षेत्र में बाउंड्री निर्माण को लेकर हुए बलवा और मारपीट के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 5 महिलाओं सहित कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, करहीडीह निवासी पीड़िता अंजू कुमारी कुर्रे ने 21 जुलाई 2025 को थाना बलौदा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि गांव के ही आरोपियों ने एक राय होकर बाउंड्री बनाने की बात को लेकर गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्का, लाठी और ब्लेड से मारपीट की। पुलिस ने अपराध क्रमांक 292/25 के तहत संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जहां उन्होंने अपराध स्वीकार किया। इसके बाद सभी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव श्रीवास्तव, सहायक उप निरीक्षक प्रतिभा राठौर एवं थाना बलौदा स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।






