छत्तीसगढ़

कोरबा में सड़क हादसा: मानिकपुर खदान के कर्मी की मौत, साथी घायल

कोरबा। जिले में शनिवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में मानिकपुर खदान में कार्यरत एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी मामूली रूप से घायल हो गया। यह दुर्घटना उरगा थाना क्षेत्र अंतर्गत तरदा मुख्य मार्ग पर हुई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा कार्रवाई कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार जांजगीर-चांपा जिले के पंतोरा स्थित बुढ़ना गांव निवासी 23 वर्षीय रवि शंकर यादव अपने एक साथी के साथ मानिकपुर खदान से काम खत्म कर बाइक से घर लौट रहा था। तरदा के पास सड़क किनारे खड़े एक ब्रेकडाउन हाईवे वाहन से उनकी बाइक जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक वाहन के पहिए के नीचे आ गए और मौके पर ही बेहोश हो गए।

राहगीरों की मदद से दोनों को तत्काल कोरबा जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने रवि शंकर यादव को मृत घोषित कर दिया। वहीं उसके साथी को मामूली चोटें आईं, जिसका उपचार जारी है और उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

घायल युवक ने पुलिस को बताया कि वह बाइक चला रहा था और रवि शंकर पीछे बैठा हुआ था। सामने से आ रही एक तेज रफ्तार कार से बचने के प्रयास में संतुलन बिगड़ गया, जिससे बाइक सड़क पर खड़े वाहन से टकरा गई।

बताया गया कि रवि शंकर यादव मानिकपुर खदान में एक निजी कंपनी में ड्राइवर के पद पर कार्यरत था। मृतक के पिता मिंझ राम ने बताया कि रवि शंकर उनके दो बेटों में सबसे बड़ा था और परिवार का मुख्य कमाने वाला सदस्य था। बेटे की मौत की सूचना मिलने पर वे तुरंत जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचे। घटना के बाद से परिवार में मातम पसरा हुआ है।

Related Articles

Back to top button