जांजगीर में व्यापारी को खिलौना पिस्टल से धमकाने वाला आरोपी गिरफ्तार

जांजगीर पुलिस और साइबर टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए उस आरोपी को गिरफ्तार किया है, जिसने रात में व्यापारी की कार रोककर खिलौना पिस्टल से डराने-धमकाने की कोशिश की थी। आरोपी की पहचान कन्हैया कश्यप (25 वर्ष), निवासी चंडीपारा पामगढ़ के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक खिलौना पिस्टल, एक बटनदार चाकू और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। आरोपी के खिलाफ धारा 162(2) BNS एवं आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
घटना 26 अक्टूबर की रात की है, जब व्यापारी महेन्द्र मित्तल अपने परिवार के साथ कार से घर लौट रहे थे। खोखसा ओवरब्रिज के पास आरोपी ने उनकी कार को ओवरटेक कर रास्ता रोका और खिलौना पिस्टल लहराते हुए धमकाया, जिसके बाद वह फरार हो गया।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडे (IPS) के निर्देशन में साइबर प्रभारी सागर पाठक और थाना प्रभारी मणिकांत पांडे की टीम ने आरोपी को पकड़ा। इस कार्रवाई में प्रधान आरक्षक राकेश तिवारी, प्रकाश राठौर, विनोद राठौर एवं साइबर टीम का विशेष योगदान रहा।






