छत्तीसगढ़

गर्ल्स हॉस्टल में फार्मेसी छात्रा ने की आत्महत्या, कमरे में फंदे से झूलता मिला शव

बिलासपुर। जिले से एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां डी. फार्मेसी की प्रथम वर्ष की छात्रा ने गर्ल्स हॉस्टल में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान लोहरसी सोन निवासी यामिनी कोशले के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, घटना मस्तुरी थाना क्षेत्र के ग्राम पेंड्री स्थित एक निजी गर्ल्स हॉस्टल की है। यामिनी सान्दीपनि कॉलेज में डी. फार्मेसी फर्स्ट ईयर की छात्रा थी और हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रही थी। सोमवार की सुबह जब काफी देर तक वह कमरे से बाहर नहीं निकली, तो साथी छात्राओं ने दरवाजा खटखटाया। कोई जवाब न मिलने पर जब दरवाजा खोला गया, तो यामिनी का शव फंदे से लटका मिला।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

स्थानीय लोगों और सहपाठियों के अनुसार, यामिनी पढ़ाई में अच्छी थी और हाल ही में परीक्षाओं की तैयारी कर रही थी। मामले की पूरी जांच के बाद ही आत्महत्या के पीछे की वजह स्पष्ट हो सकेगी।

Related Articles

Back to top button