नहर में डूबती कार से 5 लोगों की जान बचाने वाले जांबाजों को पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पाण्डेय (IPS) ने किया सम्मानित

जांजगीर। नवरात्रि पर्व के अवसर पर जिले में एक बड़ा हादसा उस समय टल गया जब नहर में डूबती हुई कार से पांच लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने में सात बहादुर युवाओं ने अपनी जान की परवाह किए बिना मदद की। यह हादसा मुख्य नहर के समीप नहरिया बाबा मंदिर के पास घटित हुआ, जब एक कार अनियंत्रित होकर सीधे नहर में गिर गई।
कार में सवार पांच लोगों की जान पर संकट के बादल मंडरा रहे थे, लेकिन मौके पर मौजूद सात साहसी युवाओं ने तत्परता दिखाते हुए कार सवारों को सुरक्षित बाहर निकाला। इन जांबाजों के इस सराहनीय कार्य के लिए पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पाण्डेय (IPS) द्वारा सभी को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
सम्मानित किए गए साहसी नागरिकों के नाम इस प्रकार हैं:
1. हीरा कश्यप, बीड़ी महंत, उपनगर जांजगीर
2. हरेंद्र कश्यप, बीड़ी महंत, उपनगर जांजगीर
3. मनोज अग्रवाल, निवासी नैला
4. कमल राठौर
5. अमित राठौर
6. हर्ष तिवारी
7. सुमित राठौर
कार में फंसे व्यक्ति को भी मिला सम्मान
इस घटना में कार सवार श्री संजय कुमार शांडिल्य, निवासी केनाल सिटी, जांजगीर को भी पुलिस अधीक्षक द्वारा सम्मानित किया गया। उन्होंने संकट की घड़ी में घबराए बिना धैर्य बनाए रखा, जिससे बचाव कार्य को सफलता मिली।
पुलिस अधीक्षक श्री पाण्डेय ने सभी को दी शुभकामनाएं
सम्मान समारोह में पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पाण्डेय ने सभी युवाओं की सराहना करते हुए कहा कि, “ऐसे नागरिक समाज के लिए प्रेरणा स्रोत होते हैं। इनकी बहादुरी और इंसानियत की भावना समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करती है।”
इस घटना ने एक बार फिर साबित किया कि संकट की घड़ी में मानवता और साहस सबसे बड़ा धर्म होता है।
–






