फेसबुक पर बाबा साहेब अंबेडकर के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी करने वाला आरोपी गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा, 12 अक्टूबर 2025। थाना अकलतरा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए भारत के संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉक्टर भीमराव अंबेडकर के खिलाफ फेसबुक पर अपमानजनक टिप्पणी करने वाले आरोपी को चंद घंटों में गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान देवव्रत उपाध्याय (42 वर्ष), निवासी अकलतरा के रूप में हुई है। आरोपी द्वारा फेसबुक पर की गई टिप्पणी की सूचना मिलते ही थाना अकलतरा पुलिस ने अपराध क्रमांक 519/2025 धारा 299 BNS के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन में त्वरित कार्रवाई की गई। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। इसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक भास्कर शर्मा, एएसआई बी.पी. खांडेकर, आरक्षक भूषण राठौर और जयप्रकाश रात्रे की सराहनीय भूमिका रही।






