जांजगीर-चांपा : रास्ता रोककर शराब पीने के लिए पैसा मांगने वाले 2 आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजा गया

जांजगीर-चांपा। जिले में अकलतरा थाना पुलिस ने गंभीर वारदात में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा है। दोनों आरोपियों ने रास्ता रोककर एक युवक से शराब पीने के लिए पैसे मांगे और विरोध करने पर गाली-गलौज व मारपीट कर घायल कर दिया।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम प्रशांत कुमार और आशीष कुमार यादव, दोनों निवासी लटिया थाना अकलतरा बताए गए हैं।
मामले का विवरण
प्रार्थी जितेंद्र कुमार यादव निवासी कोटमीसोनार ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 11 सितंबर 2025 को वह अकलतरा से काम कर अपने घर लौट रहा था। रात करीब 9:15 बजे जब वह रेलवे ब्रिज के नीचे लटिया के पास पहुंचा, तभी प्रशांत कुमार और उसके साथी ने उसे रास्ते में रोककर शराब पीने के लिए पैसे मांगे। पैसे न देने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए हमला कर दिया। प्रशांत ने हाथ में पहने स्टील के चूड़े से प्रार्थी पर वार किया, जबकि दूसरे साथी ने चप्पल और मुक्कों से मारपीट की। इस घटना में प्रार्थी गंभीर रूप से घायल हो गया।






