छत्तीसगढ़

जांजगीर-चांपा में उपसरपंच की हत्या का खुलासा, 7 आरोपी गिरफ्तार, 2 नाबालिग भी शामिल

जांजगीर-चांपा। थाना बिर्रा क्षेत्र के ग्राम करही के उपसरपंच महेन्द्र बघेल की गुमशुदगी के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने हत्या के आरोप में 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, वहीं 2 नाबालिग भी इस वारदात में शामिल पाए गए हैं। सभी के खिलाफ विधिवत कार्रवाई की गई है।

जानकारी के अनुसार, 6 सितंबर की रात उपसरपंच महेन्द्र बघेल घर नहीं लौटे। परिजनों और ग्रामीणों ने काफी खोजबीन की लेकिन कोई सुराग नहीं मिलने पर बिर्रा थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय पांडेय के निर्देशन में विशेष सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप और एसडीओपी चांपा यदुमणि सिदार के नेतृत्व में महानदी किनारे और आसपास के क्षेत्रों में लगातार खोजबीन की गई। इसी दौरान जांच में खुलासा हुआ कि ग्राम करही के सरपंच पति राजकुमार साहू और उसके साथियों ने रंजिश और शासकीय निर्माण कार्य को लेकर विवाद के चलते उपसरपंच की हत्या कर दी।

आरोपियों ने पहले शराब पिलाई और फिर गमछे से गला घोंटकर बघेल की हत्या की। इसके बाद शव को बरेकेल पुल से महानदी में फेंक दिया। पुलिस ने डीडीआरएफ और ड्रोन की मदद से शव की तलाश की और 8 सितंबर की शाम साराडीह बैराज के पास से शव बरामद कर लिया। वहीं, मृतक की पल्सर बाइक भी नदी से मिली।

पुलिस ने राजकुमार साहू, राजू उर्फ शैलेष कश्यप, राजेंद्र साहू, जितेंद्र कश्यप, दुर्गेश आदिल्य, कान्हा यादव और भास्कर मांझी को गिरफ्तार किया है। दो नाबालिगों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है। सभी आरोपियों के खिलाफ थाना बिर्रा में धारा 103(2), 61(2)क BNS और SC/ST एक्ट की धाराओं में अपराध दर्ज किया गया है।

Related Articles

Back to top button