रास्ता रोककर लूटपाट करने वाला आरोपी गिरफ्तार, नगद और दस्तावेज बरामद

जांजगीर-चांपा। थाना नवागढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रास्ता रोककर लूटपाट करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। गिरफ्तार आरोपी का नाम चंडी सिंह (37 वर्ष), निवासी अवरीद, थाना नवागढ़ है।
मामला इस प्रकार है
प्रार्थी दुर्गेश सिंह, निवासी जगमहंत ने थाना नवागढ़ में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 7 अगस्त 2025 की रात करीब 10:30 बजे वह अपने गांव के एक परिचित से मिलकर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में आरोपी चंडी सिंह और उसके साथियों ने रास्ता रोककर अश्लील गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और उसका पर्स लूट लिया। पर्स में 2000 रुपये नकद, एटीएम कार्ड, पैन कार्ड और आधार कार्ड थे। आरोपी ने उसकी जेब में रखे 300 रुपये लूटने का भी प्रयास किया, लेकिन तभी वहां बोधन कश्यप आ गया, जिससे आरोपी फरार हो गए।
शिकायत पर थाना नवागढ़ में अपराध क्रमांक 327/25, धारा 309(2) BNS के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक जांजगीर-चांपा विजय कुमार पांडेय (IPS) के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप और उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय विजय कुमार पैकरा के मार्गदर्शन में तथा थाना प्रभारी नवागढ़ निरीक्षक अशोक वैष्णव के नेतृत्व में टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद आरोपी के मेमोरेंडम के आधार पर लूटे गए 2000 रुपये नकद, एटीएम कार्ड, पैन कार्ड और आधार कार्ड जब्त किए गए। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।






