छत्तीसगढ़

रक्षाबंधन मनाकर लौट रहे परिवार की कार में लगी आग, 6 लोगों ने कूदकर बचाई जान

बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में रक्षाबंधन का त्योहार मना कर लौट रहे एक परिवार की कार अचानक धू-धूकर जल उठी। यह हादसा अर्जुन्दा थाना क्षेत्र के कोटगांव के पास रविवार शाम हुआ। राहत की बात रही कि कार में सवार सभी 6 लोगों ने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।

जानकारी के अनुसार, सिकोसा गांव के चंद्रिका देवांगन अपनी बेटी, दामाद और अन्य परिजनों के साथ टाटा सफारी कार से अर्जुन्दा रक्षाबंधन मनाने गए थे। घर लौटते समय कोटगांव के पास कार के बोनट से अचानक धुआं उठने लगा। देखते ही देखते कार में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई और वह आग के गोले में तब्दील हो गई।

परिजनों ने किसी तरह कार से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग इतनी तेज थी कि कुछ ही मिनटों में पूरी कार जलकर खाक हो गई। सूचना मिलते ही अर्जुन्दा पुलिस और फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी।

Related Articles

Back to top button