छत्तीसगढ़

काले कपड़े पहनने पर रोक, 2 मिनट की देरी से छूटा एग्जाम – रायपुर में आबकारी आरक्षक भर्ती परीक्षा में कड़ी सुरक्षा जांच

रायपुर। राजधानी में आज आबकारी आरक्षक भर्ती परीक्षा (ABA25) का आयोजन सख्त सुरक्षा प्रबंधों के बीच शुरू हुआ। परीक्षा को लेकर रायपुर में 90 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां सुबह 10:30 बजे के बाद प्रवेश गेट बंद कर दिया गया। कई परीक्षार्थी केवल 1-2 मिनट की देरी से पहुंचे, लेकिन उन्हें अंदर प्रवेश नहीं दिया गया। इससे कई अभ्यर्थी परीक्षा से वंचित रह गए।

परीक्षा का समय सुबह 11:00 बजे से दोपहर 1:15 बजे तक निर्धारित किया गया है। सेंटरों पर कड़ी जांच के तहत लड़कियों के काले रंग के कपड़े और दुपट्टे उतरवाए गए। वहीं, लड़कों को बेल्ट तक निकालने के निर्देश दिए गए।

एक युवती ने बताया कि वह डार्क कलर का कपड़ा पहनकर सेंटर पहुंची थी, जिससे उसे प्रवेश नहीं मिला। इस पर उसने पास के बाजार से नई शर्ट खरीदी, लेकिन गेट पर पहुंचते तक 10:32 बज गए और उसे अंदर जाने नहीं दिया गया।

प्रदेशभर में करीब 2 लाख 70 हजार अभ्यर्थी इस परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। परीक्षा को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने के लिए कई स्तरों पर जांच की जा रही है। हर परीक्षा केंद्र में एडमिट कार्ड और फोटो आईडी की जांच के बाद ही प्रवेश दिया गया।

Related Articles

Back to top button